हर प्लेयर का होगा ​डिजिटल रिकॉर्ड, अवॉर्ड के लिए अप्लाई कर पाएंगे

वारिस मलिक | जालंधर पंजाब खेल विभाग ने खिलाड़ियों के लिए पंजाब स्पोर्ट्स पोर्टल शुरू किया है। इसके माध्यम से पंजाब के सक्रिय और पूर्व खिलाड़ियों का एक व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है जो डायरेक्टरी का काम भी करेगी। पोर्टल को एनआईसी के सहयोग से तैयार किया गया है और इसमें कई सुविधाएं लाइव हैं, जबकि कुछ सेवाएं स्टेजिंग और प्रोडक्शन चरण में हैं। विभाग का दावा है कि इस तरह का पोर्टल अभी किसी भी राज्य में उपलब्ध नहीं है। चंडीगढ़ और हरियाणा में भी इस तरह की संपूर्ण सेवाओं वाला ऑनलाइन पोर्टल नहीं है। पोर्टल पर इस समय 10 हजार से अधिक खिलाड़ी रजिस्टर्ड हो चुके हैं। पोर्टल का लिंक http://sports.punjab .gov.in/ है। खेल विभाग के अधीन आने वाले सक्रिय खिलाड़ी, जिन्हें कैश अवार्ड समेत अन्य सुविधाएं मिलती हैं, खुद पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। खिलाड़ी अपनी मौजूदा खेल उपलब्धियों के अनुसार अपनी प्रोफाइल अपडेट कर सकेगा। जैसे ही पंजाब सरकार की तरफ से कैश अवार्ड या किसी अन्य अवार्ड के लिए आवेदन मांगे जाएंगे, संबंधित खिलाड़ियों को पोर्टल पर मैसेज के जरिए सूचना मिल जाएगी। पोर्टल की विशेष सुविधा यह है कि यदि कोई खिलाड़ी राज्य या देश से बाहर भी है और उसे कोई नया पदक या उपलब्धि हासिल होती है तो वह अपनी आईडी खोलकर तुरंत अपनी वर्तमान उपलब्धि दर्ज कर सकता है। पोर्टल में एडमिन, कोच और खिलाड़ी के अलग लॉगइन बनाए जाएंगे और इसी के हिसाब से जिम्मेदारियां भी अलग -अलग होंगी। कहीं से भी अपडेट होगा खेल विभाग को अपडेट किया जा रहा है। यह देश का अपने स्तर का पहला ऐसा पोर्टल है, जिसपर खिलाड़ी खुद रजिस्टर्ड कर सकते हैं। पोर्टल अपडेट होता रहेगा। हमारा मकसद खेल विभाग की सभी सेवाओं पेपर लेस करना है। खिलाड़ी अपनी आईडी खुद बनाएंगा, जिन्हें डीएसओ कोच के माध्यम से वेरिफाइ करेगा फिर आईडी जेनरेट होगी। -शाश्वत राजदान, डिप्टी डायरेक्टर कम आईटी इंचार्ज, पंजाब खेल विभाग