मरीजों को स्ट्रेचर व व्हीलचेयर समेत उठा कर रास्ता पार करवा रहे परिजन
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
भास्कर न्यूज | जालंधर सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर इन दिनों पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है। इसके लिए वार्ड के सामने की फर्श तोड़ी गई है, जिससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर आने वाले मरीजों को अंदर ले जाने में दिक्कत हो रही है, क्योंकि टूटी हुई फर्श के कारण स्ट्रेचर और व्हीलचेयर आसानी से नहीं निकल पा रहे हैं। अस्पताल में आने वाले कई मरीजों के परिजनों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर को उठाकर टूटा हुआ हिस्सा पार करवाना पड़ रहा है। इमरजेंसी वार्ड में पहुंची करीब 75 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला, जिन्हें एंबुलेंस से लाया गया था और जिनके हाथ में ड्रिप लगी हुई थी, उन्हें भी परिजनों ने स्ट्रेचर उठाकर वार्ड के अंदर पहुंचाया। स्ट्रेचर के रास्ते में पत्थर और मलबा होने के कारण साथ आई महिला और अन्य लोगों ने मिलकर उसे उठाकर रास्ता पार करवाया। मौके पर काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। काम को पूरा होने में करीब 15 से 20 दिन लग सकते हैं। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नमिता ने कहा कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दूसरी तरफ का रैंप खुला रखा गया है। मेन रास्ता खुला है और वहां से सीधे इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचा जा सकता है। कई एंबुलेंस चालक दूसरी तरफ वाहन खड़ा कर देते हैं, जबकि सुरक्षा कर्मियों द्वारा उन्हें सही रास्ते से आने के लिए कहा जाता है। काम पूरा होने में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि पहले मई महीने तक काम खत्म होने की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य की गति धीमी होने के कारण परेशानी उम्मीद से ज्यादा समय तक बनी हुई है।

