चरणजीत पुरा के पार्क में पर्यावरण संरक्षण के लिए रोपे फलों के पौधे

जालंधर | पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और समाज को प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से आज चरणजीत पुरा स्थित मनमोहन कालिया पार्क में एक विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस मुहिम के तहत पार्क परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे रोपे गए, जो आने वाले समय में न केवल पर्यावरण को शुद्ध करेंगे बल्कि पार्क में आने वाले लोगों को ताजे फल और छाया भी प्रदान करेंगे। इस मानवीय और पर्यावरण-हितैषी पहल का नेतृत्व प्रसिद्ध योग गुरु रजिंदर शर्मा ने किया। इस अवसर पर उनके साथ दीपक महेन्द्रू, गणेश कुमार और सुजाता कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधों की उचित देखभाल और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। पौधारोपण अभियान में समाज के अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इनमें सुशील बाहरी, अमिता कपूर, प्रीति, बीटू और सोढी ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए श्रमदान किया। योग गुरु रजिंदर शर्मा ने इस मौके पर कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना बेहद जरूरी है।