गुरुद्वारा छठी पातशाही बस्ती शेख में प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरमत समागम

भास्कर न्यूज | जालंधर ऐतिहासिक स्थान गुरुद्वारा छठी पातशाही बस्ती शेख की तरफ से मीरी-पीरी के मालिक धन्न-धन्न श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। प्रधान गुरकृपाल सिंह ने बताया कि पिछले 20 दिनों से स्त्री सत्संग सभा की ओर से श्री सुखमणि साहिब के पाठ की श्रृंखला जारी है। गुरु हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश पर्व की खुशियों में शाम के दीवान सजाए गए। स्त्री सत्संग सभा के सदस्यों द्वारा संगति रूप से श्री सुखमणि साहिब के पाठ किए गए और गुरबाणी के मनोहर कीर्तन से संगत को निहाल किया । समागम के दौरान सेवा करने वाली बीबी रजिंदर कौर कालड़ा को सम्मानित किया गया। समागम में प्रधान बीबी महिंदर कौर कालड़ा, सरपरस्त कुलदीप कौर सहगल, सुरिंदर कौर चीमा, हरविंदर कौर भोली, सतवंत कौर कौमी, बीबी जसप्रीत और बीबी कुलजीत कौर तथा अन्य मौजूद थे। प्रधान गुरु कृपाल सिंह ने बताया कि छह जून को तड़के 4:30 बजे आरंभ की गई प्रभातफेरियां भी जारी है जो 20 जून तक जारी रहेगी ।21 जून को सुबह 5 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन सजाया जाएगा, जो गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर बस्ती शेख क्षेत्र की परिक्रमा करता हुआ गुरुद्वारा साहिब में समाप्त होगा।