भास्कर न्यूज | जालंधर भारत सरकार की तरफ से जारी जनगणना में हाउस लिस्टिंग का पहला फेज पूरा हो चुका है। 13 जून तक यह पहला फेज था, जिसमें जालंधर शहरी और देहाती दोनों की तरफ से इसे कंप्लीट किया गया है। हालांकि पिछले दिनों तय टार्गेट से कुछ तहसील पीछे चल रही थी लेकिन मुलाजिमों ने इसमें ज्यादा काम करके तय समय में पूरा किया है। जालंधर कैंट बोर्ड सहित सभी नगर पंचायत, नगर निगम, एसडीएम स्तर पर इसे पूरा करने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। जालंधर में भी 100 फीसदी हाउस लिस्टिंग का काम पूरा हो चुका है। यह सारा रिकार्ड केंद्र सरकार की तरफ से सुरक्षित रखा जा रहा है। पहले चरण में सभी भवनों, घरों और परिसरों की व्यवस्थित रूप से सूची बनाई गई है और यह तय किया गया है कि कोई भी घर छूटे नहीं। पहली बार पारंपरिक कागजी कार्रवाई की जगह डिजिटल रूप से डेटा इकट्ठा किया गया। कई राज्यों में लोगों ने स्व-गणना पोर्टल के जरिए खुद भी अपने घर का ब्यौरा दर्ज किया, वहीं दूसरा चरण अगले साल फरवरी में शुरू होगा। जनसंख्या गणना में घर-घर जाकर हर नागरिक की विस्तृत जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक जानकारी दर्ज की जाएगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल के निर्णय के अनुसार इस दूसरे चरण में जातियों की भी गिनती की जाएगी। इसे लेकर अब मुलाजिमों को दूसरे फेज की ट्रेनिंग दी जाएगी। लेकिन उससे पहले हाउस लिस्टिंग का पूरा काम रिकार्ड के साथ सबमिट किया जाएगा।

