जालंधर के व्यस्त बर्तन बाजार में लगी आग:बिजली तारों में लगी आग, समय पर सप्लाई न कटने से मची दहशत, भारी नुकसान
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
जालंधर के भांडे बाजार में देर रात बिजली के तारों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना के दौरान लगातार धमाके होते रहे और काफी माली नुकसान हुआ, हालांकि गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग को तुरंत सूचना देने के बावजूद समय पर सप्लाई बंद नहीं की गई, जिससे खतरा और बढ़ गया था। काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को फोन किया और लाइन की सप्लाई बंद करने का आग्रह किया। इसके साथ ही तुरंत दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को भी मामले की सूचना दी गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि तारों में लगी आग के कारण लगातार भयानक धमाके हो रहे हैं। इस हादसे में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन बड़े पैमाने पर माली नुकसान होने की खबर है। प्रशासन और बिजली विभाग पर बरसे स्थानीय लोग मामले के बारे मेंजानकारी देते हुए देवकी नंदन गली के निवासी राजिंदर सिंह ने बताया कि तारों में आग पूरी तरह अचानक लगी थी। उन्होंने बताया कि आग लगते ही बिना समय गंवाए बिजली विभाग को पावर सप्लाई काटने के लिए सूचित किया गया था, लेकिन किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने समय पर सप्लाई बंद नहीं की। राजिंदर सिंह के अनुसार, बिजली सप्लाई चालू रहने के कारण आग तेजी से फैली और उनके सामने ही तारें जलकर राख हो गईं। इसके कारण उनका काफी आर्थिक नुकसान हो गया है। पीड़ित ने मायूसी जताते हुए सवाल उठाया कि आखिर अब उनके इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा? पार्षद और प्रशासन पर टालमटोल का आरोप पीड़ित राजिंदर सिंह ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तंग गली में लटक रहे तारों के गुच्छों को हटाने के लिए वे पहले भी कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने स्थानीय पार्षद जतिन गुलाटी पर भी निशाना साधा। सिंह ने कहा कि पार्षद जतिन गुलाटी से भी कई बार इन लटकते तारों को ठीक कराने या हटाने का निवेदन किया जा चुका है, लेकिन वे हर बार टाल-मटोल करके चले जाते हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि तारें काफी नीचे तक लटकी हुई हैं। पीड़ित का कहना है कि अगर समय रहते बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाती, तो शायद इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। तंग गलियों के कारण दमकल कर्मियों को आई परेशानी दूसरी ओर, दमकल विभाग के अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि उन्हें भांडे बाजार के बिजली के तारों में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग की सुस्ती पर चिंता जताते हुए कहा कि वे खुद काफी समय तक बिजली की सप्लाई बंद होने का इंतजार करते रहे। अजय कुमार ने बताया कि दमकल कर्मी करीब आधे घंटे तक घटना स्थल पर बिजली विभाग के कर्मचारियों का इंतजार करते रहे, क्योंकि सप्लाई चालू होने के कारण दुकानों को भी बड़ा खतरा बना हुआ था। इस दौरान तारों में भीषण आग धधक रही थी और लगातार धमाके हो रहे थे। उन्होंने बताया कि बाजार की गलियां बेहद तंग होने के कारण उन्हें काम करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

