जालंधर में तेज कार ने रेडी वाले को मारी टक्करा:सामान हुआ बर्बाद, राहगीरों ने पैसे इकट्ठा कर की आर्थिक मदद

जालंधर के नकोदर रोड पर यूको बैंक के सामने श्री गुरु रविदास चौक की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे एक गरीब रेडी वाले को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रेडी पूरी तरह टूट गई और उस पर लदा करीब 12 से 13 हजार रुपये का सामान सड़क पर बिखर कर बर्बाद हो गया। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से तेजी से फरार हो गया। हालांकि, हादसे के बाद वहां मौजूद राहगीरों और एक ट्रक ड्राइवर ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए पीड़ित की मदद की और आर्थिक सहायता भी जुटाई। प्रत्यक्षदर्शियों और एक प्रत्यक्षदर्शी ट्रक ड्राइवर के मुताबिक, कार चालक संभव शराब के नशे में था और वह एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी जल्दबाजी और लापरवाही में उसने सड़क किनारे जा रहे लखन की रेडी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेडी के परखच्चे उड़ गए और लखन की दिनभर की कमाई व सारा सामान सड़क पर फैल गया। पीड़ित लखन ने बताया की रोजाना मुश्किल से 300-400 रुपये की कमाई होती है। इस हादसे में मेरा 12 से 13 हजार रुपये का नुकसान हो गया है। रेडी टूट जाने से अब मेरा रोजगार भी पूरी तरह ठप हो गया है। टक्कर मारकर फरार हुआ कार चालक हादसे के तुरंत बाद कार चालक ने एक पल के लिए गाड़ी धीमी की, लेकिन नुकसान देखकर वह गाड़ी को रोकने के बजाय तेजी से बस स्टैंड की तरफ भगा ले गया। वहां मौजूद कुछ लोगों और ट्रक ड्राइवर ने अपनी गाड़ियों से कार का पीछा करने और उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण आरोपी चालक भागने में कामयाब रहा। अंधेरा और रफ्तार तेज होने की वजह से कोई भी चश्मदीद कार का नंबर नोट नहीं कर सका। संकट की घड़ी में मददगार बने राहगीर जहां एक तरफ कार चालक की इस बेरहमी से इंसानियत शर्मसार हुई, वहीं दूसरी तरफ सड़क पर मौजूद आम लोगों ने इंसानियत की एक नई मिसाल पेश की। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग और राहगीर तुरंत लखन की मदद के लिए आगे आए। लोगों ने सड़क पर बिखरा उसका सामान इकट्ठा करवाया। इतना ही नहीं, वहां मौजूद लोगों ने आपस में पैसे इकट्ठा कर पीड़ित गरीब रेडी वाले की आर्थिक मदद भी की। किसी ने ₹200 तो किसी ने ₹500 देकर लखन को ढांढस बंधाया ताकि वह अपना गुजारा कर सके।