खालसा परेड निकाली... बच्चों ने सीखा मूलमंत्र का शुद्ध उच्चारण, माता-पिता को मिली करियर गाइडेंस

गुरुद्वारा नौवीं पातशाही दुख निवारण साहिब, गुरु तेग बहादुर नगर की प्रबंधक कमेटी द्वारा आयोजित गुरमति कैंप 2026 बच्चों द्वारा निकाली गई खालसा परेड के साथ संपन्न हुआ। परेड की अगुवाई बच्चों द्वारा नगाड़ा और नरसिम्हा बजाकर की गई। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान कंवलजीत सिंह ओबेरॉय और गुरु तेग बहादुर खालसा नौजवान सभा के प्रधान गगनदीप सिंह गग्गी ने बताया कि कैंप का उद्देश्य बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों के दौरान अपनी अनमोल विरासत से जोड़ना था। गुरु तेग बहादुर खालसा नौजवान सभा और गुरशबद प्रचार सभा जालंधर के सहयोग से कैंप में बच्चों को न केवल धार्मिक बल्कि सांसारिक, व्यावहारिक और आधुनिक ज्ञान से भी जोड़ा गया। इसमें बच्चों को विभिन्न आयु वर्गों के अनुसार नर्सरी से पहली, दूसरी से 5वीं, और छठी से 12वीं कक्षा तक में विभाजित किया गया और उनके माता-पिता का भी एक ग्रुप बनाया गया। कैंप में बच्चों को अध्यापक जसप्रीत कौर, जेपी अरोड़ा, अमनदीप कौर, सिमरजीत कौर, हरभजन कौर, गुरमिंदर कौर, जसप्रीत कौर, कुलविंदर कौर, निरवैर सिंह, हरमिंदर कौर, इंद्रप्रीत कौर, रूपिंदर कौर, कुलविंदर सिंह ने सिखी जीवन के मूल सिखाए। यहां कंवलजीत सिंह ऑबरॉय, जोगिंदर सिंह लायलपुरी, मनजीत सिंह ठुकराल, कंवलजीत सिंह, परमजीत सिंह पहलवान, परमजीत सिंह कानपुरी, हरजिंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, हरजिंदर पाल सिंह, परविंदर सिंह ओबेरॉय, गुरु तेग बहादुर खालसा नौजवान सभा के प्रधान गगनदीप सिंह गग्गी, गुरनदर सिंह व अन्य मेंबर मौजूद रहे। पांच वर्षीय गुरु वंश सिंह की माता रजवंत कौर ने बताया कि घर में जब बेटा गुरु साहिबान के समक्ष हाथ जोड़कर मूल मंत्र का जाप करता तो घर का वातावरण आनंदित हो उठता था। ऐसे कैंप हर साल लगने चाहिए। कैंप में 5 प्रमुख ग्रुप्स चार साहिबजादों और गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखे गए। आयु वर्ग के हिसाब से नन्हे बच्चों को दसों गुरु साहिबान के नाम, मूलमंत्र का शुद्ध उच्चारण और श्री जपुजी साहिब की प्रथम पांच पौड़ियों का कंठस्थ अभ्यास, छोटे बच्चों को श्री जपुजी साहिब का संपूर्ण पाठ करना सिखाया गया। बच्चों के साथ-साथ कैंप में माता-पिता को भी गुरमत विद्या की जानकारी देने के साथ-साथ आज के आधुनिक और डिजिटल युग में बच्चों के साथ सकारात्मक व्यवहार करने, उनकी मानसिक स्थिति को समझने और उन्हें बेहतर करियर गाइडेंस का मार्गदर्शन प्रदान करने की जानकारी दी गई।