भास्कर न्यूज | जालंधर वर्ल्ड ब्लड डोनर डे के अवसर पर लाजपत नगर स्थित न्यू रूबी हॉस्पिटल द्वारा एक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराना है। "रक्तदान महादान है" और एक यूनिट रक्त कई लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है। इसी सोच के साथ अस्पताल प्रबंधन द्वारा समाजसेवियों, युवाओं, विभिन्न संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गई है। शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जाँच विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में की जाएगी। साथ ही, समाज के प्रति इस योगदान के लिए सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) और स्मृति चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित भी किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, रक्तदान पूरी तरह से एक सुरक्षित प्रक्रिया है और कोई भी स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है। वर्ल्ड ब्लड डोनर डे हमें उन सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर देता है, जो निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर अनगिनत लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। अस्पताल प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया है। आइए, आज "रक्तदान करें, जीवन बचाएं" के संदेश को सार्थक करते हुए इस मेगा रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में शामिल हों और रक्तदान का पुण्य कमाएं।

