सांसद मीत हेयर ने स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप की रनर-अप टीम को सम्मानित किया
- Neha Gupta
- Jun 10, 2026
भास्कर न्यूज | जालंधर मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने वाईएफसी रुड़का कलां की स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप रनर-अप टीम को सम्मानित किया। यह सम्मान उन युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि को समर्पित था, जिन्होंने मेक्सिको में आयोजित स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्व स्तर पर उपविजेता (रनर-अप) बनने का गौरव हासिल किया। सांसद मीत हेयर और वाईएफसी रुड़का कलां का संबंध कई वर्षों से रहा है। जब टीम दोहा (कतर) में आयोजित स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप में भाग लेने के लिए रवाना हो रही थी, तब मीत हेयर ने स्वयं वाईएफसी रुड़का कलां का दौरा कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी थीं और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया था। इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज शुभमन गिल के पिता लखविंदर सिंह गिल ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात की। वाईएफसी रुड़का कलां के प्रधान गुरमंगल दास सोनी ने सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन खिलाड़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है।

