एक साल के डिप्लोमा प्रोग्राम युवाओं के लिए रोजगार के खोलेंगे दरवाजे
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
भास्कर न्यूज | जालंधर जगत गुरु नानक देव पंजाब स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी छात्रों और कामकाजी युवाओं के लिए ओपन और डिस्टेंस लर्निंग मोड में कई बेहतरीन डिप्लोमा कोर्स उपलब्ध करवा रही है। ये कोर्स विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई करने का अवसर देते हैं। वर्तमान में यूनिवर्सिटी द्वारा संचालित किए जा रहे तीन विशेष एक-वर्षीय डिप्लोमा प्रोग्राम युवाओं के लिए रोजगार और ज्ञान के नए अवसर खोल रहे हैं, जिन्हें अधिकतम दो वर्षों में पूरा किया जा सकता है। डिप्लोमा इन विमेन एंपावरमेंट एंड डेवलपमेंट : इस कोर्स का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, लैंगिक समानता, कानूनी संरक्षण और सामाजिक विकास में उनकी भूमिका को समझाना है। इसमें जेंडर और समाज, महिला अधिकार एवं कानून, मानवाधिकार, महिला अर्थव्यवस्था और उद्यमिता जैसे विषय शामिल हैं। व्यावहारिक अनुभव के लिए छात्रों को जेंडर सेंसेटाइजेशन या सामाजिक मुद्दे पर प्रोजेक्ट और फील्ड वर्क करना होता है। डिप्लोमा इन लॉ एंड एआई : यूनिवर्सिटी के 'स्कूल ऑफ लॉ एंड इंटर डिसीप्लीनरी स्टडीज' द्वारा संचालित यह कोर्स कानून और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अंतरसंबंधों तथा उनकी कानूनी चुनौतियों पर आधारित है। इसमें न्यायिक प्रणाली में एआई का उपयोग, संवैधानिक व मानवाधिकार पहलू, साइबर कानून, डेटा गोपनीयता, साइबर बुलिंग और डिजिटल मानहानि जैसे आधुनिक विषय पढ़ाए जाते हैं। कोर्स के अंत में छात्रों को प्रोजेक्ट और सेमिनार देना अनिवार्य है। डिप्लोमा इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन एग्रीकल्चर : स्कूल ऑफ साइंसेज एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज' के तहत यह कोर्स पारंपरिक खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ता है। इसमें छात्रों को कृषि के लिए पायथन प्रोग्रामिंग, प्रिसिजन फार्मिंग, सेंसर तकनीक और कृषि डेटा की जानकारी दी जाती है। साथ ही मशीन लर्निंग, कंप्यूटर विजन और ड्रोन तकनीक के जरिए फसल उत्पादन बढ़ाने, बीमारियों की पहचान करने व कीटों के पूर्वानुमान के तरीके सिखाए जाते हैं। इसमें भी अंत में एक प्रोजेक्ट तैयार करना होता है।

