भास्कर न्यूज | जालंधर फिरोजपुर मंडल ने सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पार्सल पैकिंग सुविधा शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। मंडल स्तर पर ई-नीलामी के जरिए पार्सल पैकिंग के संचालन का अनुबंध तीन वर्ष की अवधि के लिए आवंटित किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सुविधा शुरू होने के बाद स्टेशन परिसर में ही नाममात्र शुल्क पर पार्सल की पैकिंग उपलब्ध होगी। मंडल के अनुसार, मानक और सुरक्षित पैकिंग से परिवहन के दौरान पार्सल के टूटने-फूटने या क्षति की आशंका कम होगी। इससे पार्सल लोडिंग से जुड़ी शिकायतों में कमी आने और दावों के मामलों पर असर पड़ने की उम्मीद है। रेलवे का मानना है कि सेवा से यात्रियों के बीच पार्सल व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत होगा। पार्सल पैकिंग की यह व्यवस्था लुधियाना और अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर पहले से संचालित है। फिरोजपुर मंडल ने बताया कि ई-नीलामी प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ी है और गैर-किराया राजस्व में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

