आदमपुर श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डे पर यात्री सुविधा दिवस कार्यक्रम कल
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
जालंधर| भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की पहल पर 15 जून को देशभर के हवाई अड्डों की तरह श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर में भी यात्री सुविधा दिवस मनाया जाएगा। एयरपोर्ट परिसर को सजाया जाएगा और यात्रियों के स्वागत के साथ सुविधा व जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। एयरपोर्ट निदेशक पुष्पेंद्र कुमार निराला के अनुसार इस दिन यात्रियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें उपलब्ध सेवाओं, यात्री अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि आदमपुर में 2018 में पहली नागरिक उड़ान शुरू हुई थी और 2022 में 6,000 वर्गमीटर के एकीकृत टर्मिनल का निर्माण कराया गया, जो प्रति घंटे लगभग 600 यात्रियों को संभाल सकता है। वर्तमान में यहां से दिल्ली, हिंडन, नांदेड़, बेंगलुरु और मुंबई के लिए नियमित उड़ानें संचालित हैं।

