दुष्कर्म के बाद हत्या और नशा तस्करी मामले में फरार आरोपी फिल्लौर पुलिस ने पकड़ा
- Neha Gupta
- Jun 13, 2026
भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर ग्रामीण पुलिस ने थाना फिल्लौर क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद हत्या और नशा तस्करी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार यह अभियान स. हरविंदर सिंह विर्क (पी.पी.एस.) के निर्देश, वनीत अहलावत (आई.पी.एस.) और भारत मसीह लद्धड़ (पी.पी.एस.) की निगरानी में चला। उप पुलिस कप्तान भारत मसीह लद्धड़ ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान अब्दुल गनी, पुत्र मोहम्मद शफी, निवासी गांव सैफाबाद, थाना फिल्लौर, जिला जालंधर को पकड़ा गया। आरोपी विभिन्न धाराओं के तहत वांछित था। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2024 में उसने अपने भाई लियाकत अली के साथ मिलकर एक महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की थी, लियाकत अली पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। नशा तस्करी मामले में अदालत में पेश न होने पर 22.01.2026 को उसे भगोड़ा घोषित किया गया था।

