जालंधर | आदमपुर एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा दिवस के उपलक्ष्य पर एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों का पारंपरिक तिलक व ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इनमें पंजाबी लोक नृत्य, प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक एवं बच्चों द्वारा सृजित चित्रकला प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण रहे, जिन्होंने भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक संदेशों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। एयरपोर्ट डायरेक्टर पुष्पेंद्र निराला ने बताया कि मौके पर हेल्थ, ब्लड और आई चेकअप कैंप लगाया गया जिसका 200 से अधिक लोगों ने लाभ उठाया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। साथ ही यात्रियों को पौधे वितरित किए गए।

