राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का जालंधर आगमन कैंसिल:खराब मौसम बना वजह, NIT का 21वां दीक्षांत समारोह, राज्यपाल ने बांटी छात्रों को डिग्री

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज (शुक्रवार) का जालंधर दौरा खराब मौसम की वजह से रद्द हो गया है। राष्ट्रपति यहां डॉ. बीआर अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी NIT के 21वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने वाली थीं। राष्ट्रपति के कार्यक्रम में ना पहुंचने के कारण अब पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया बतौर मुख्य अतिथि डॉ. बीआर अंबेडकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पहुंचे। राज्यपाल ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और डिग्रियां प्रदान की। 1452 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री दीक्षांत समारोह में संस्थान के कुल 1452 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएंगी। इसमें स्नातक (B.Tech), स्नातकोत्तर (M.Tech, MBA, M.Sc) और PhD के छात्र शामिल हैं। यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन 31 विद्यार्थियों के लिए यह भावुक क्षण होने वाला था, जिन्हें उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति अपने हाथों से गोल्ड मेडल करने वाली थीं। NIT प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति का आगमन युवाओं को तकनीकी नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला था। सुरक्षा के कड़े पहरे, 'नो फ्लाइंग जोन' बना शहर राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जालंधर जिला प्रशासन और पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की थी। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 14 से 16 जनवरी तक जिले को 'नो फ्लाइंग जोन' घोषित किया गया है। इसके तहत ड्रोन, निजी हेलिकॉप्टर, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा घेरा तैयार किया था, वहीं ट्रैफिक पुलिस ने भी रूट डाइवर्जन किया था ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।