पीटीयू ने 2026-27 के अकादमिक सत्र के लिए ऑनलाइन प्रवेश काउंसलिंग पोर्टल शुरू किया

भास्कर न्यूज | जालंधर आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आई.के.जी. पी.टी.यू.) ने 2026-27 अकादमिक सत्र के लिए ऑनलाइन केंद्रीकृत प्रवेश काउंसलिंग पोर्टल शुरू किया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, इस एकल पोर्टल के माध्यम से केंद्रीकृत और कैंपस प्रवेश के लिए आवेदन किए जा सकेंगे, जिनमें इंजीनियरिंग, फार्मेसी और प्रबंधन से जुड़े पाठ्यक्रम शामिल हैं। उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) सुशील मित्तल ने सोमवार को पोर्टल का शुभारंभ किया। पोर्टल के जरिए आई.के.जी. पी.टी.यू. के मुख्य परिसर, इसके अन्य परिसर—अमृतसर, होशियारपुर, बटाला, मोहाली-1 और खूनी माजरा (मोहाली-2)—तथा विश्वविद्यालय से मान्यता प्राप्त कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन जमा किए जा सकेंगे। सीटों का आवंटन ऑनलाइन किया जाएगा। पोर्टल महाराजा रणजीत सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, बठिंडा और उससे जुड़े परिसरों व मान्यता प्राप्त कॉलेजों के लिए भी सीट आवंटन की सुविधा देगा। अधिसूचना के अनुसार, काउंसलिंग का पहला चरण 15 जून से शुरू हुआ। पंजीकरण व काउंसलिंग शुल्क 18 जून शाम 5 बजे तक, कॉलेज विकल्प 21 जून शाम 5 बजे तक, परिणाम 25 जून को और प्रवेश 26 जून सुबह 9 बजे से 30 जून शाम 5 बजे तक होंगे। यह प्रक्रिया बी.टेक, बी.फार्म, फार्म.डी, बी.आर्किटेक्चर, बी.एच.एम.सी.टी, बीबीए और बीसीए के लिए लागू है। पोर्टल लॉन्च कार्यक्रम में प्रोफेसर (डॉ.) यादविंदर सिंह बराड़, डॉ. आर.पी.एस. बेदी, डॉ. नवदीपक संधू और प्रोफेसर (डॉ.) राजीव बेदी उपस्थित रहे।