सतगुरु सैन मंदिर के प्रधान अरुण सिंदरा बने सैन समाज वेलफेयर बोर्ड के जिला चेयरमैन

जालंधर| पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न समाज कल्याण बोर्डों का विस्तार करते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। इसी कड़ी में जालंधर के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं सतगुरु सैन मंदिर के प्रधान अरुण कुमार सिंदरा (टीटू) को सैन समाज वेलफेयर बोर्ड जिला जालंधर का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। सिंदरा लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। सतगुरु सैन मंदिर के प्रधान के रूप में उन्होंने समाज को संगठित करने, युवाओं को जागरूक करने तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी इसी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उनकी प्राथमिकताओं में समाज का उत्थान, युवाओं को आगे बढ़ाना, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक कल्याण के मुद्दों को उठाना शामिल है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने और लोगों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। नियुक्ति पर समर्थकों और विभिन्न संगठनों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी।