एसआईआर पर संगोष्ठी में मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए सतर्कता पर दिया जोर

भास्कर न्यूज़ | जालंधर अंबेडकर भवन, डॉ. अंबेडकर मार्ग में अंबेडकर मिशन सोसाइटी (रजि.) पंजाब ने मतदाता सूचियों की विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) विषय पर संगोष्ठी आयोजित की। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार सतनाम सिंह माणक ने कहा कि एसआईआर की आड़ में विरोधियों के वोट काटे जाने की आशंका को लेकर सतर्कता जरूरी है और बिहार व पश्चिमी बंगाल के उदाहरण सामने आए हैं। उन्होंने गरीबी-अमीरी की बढ़ती खाई और आर्थिक असमानता का उल्लेख करते हुए मनु-आधारित शक्तियों के प्रभाव व फासीवाद बढ़ने की बात कही और संयुक्त मोर्चा बनाकर संघर्ष जारी रखने पर जोर दिया। सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डॉ. कुलवंत सिंह फुल ने कहा कि आज़ादी के बाद यह दूसरी बार मतदाता सूचियों का संशोधन है; इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान 2002-2003 में संशोधन हुआ था और अब प्रक्रिया चार चरणों में होनी है। धम्मा वेव्ज के संस्थापक सदस्य और एफएबीओ के अंतरराष्ट्रीय धर्म प्रचारक डॉ. हरबंस विर्दी, अंबेडकर भवन ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन डॉ. जीसी कौल, सोसाइटी अध्यक्ष प्रोफेसर बलबीर और मंच संचालक मुख्य सलाहकार चरण दास संधू ने भी विचार रखे। उपस्थिति की जानकारी जनरल सचिव बलदेव राज भारद्वाज ने दी।