369 महीनों से सेवा जारी, अब 120 जरूरतमंद परिवारों को राशन बांटा

भास्कर न्यूज | जालंधर मोहल्ला खोदियां स्थित मंदिर श्री मेला राम में बीबी नानकी जी चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 369वें मासिक राशन वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मानवता की सेवा को समर्पित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान संस्था ने समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता की। समारोह में पहुंचे प्रबंधकों और गणमान्य अतिथियों ने क्षेत्र के 120 जरूरतमंद परिवारों को मासिक राशन सामग्री वितरित की। अशोक सोबती ने बताया कि संस्था पिछले लंबे समय से बिना किसी भेदभाव के वंचित तबके की मदद कर रही है। इस अवसर पर बाबू लाल चितारा, पं. भोला नाथ द्विवेदी, राजिंदर कपूर और सुरेश खन्ना जैसी प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। उन्होंने लगातार 369 महीनों से बिना रुके सेवा करने के लिए ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की। अंत में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे लोक-कल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।