पढ़ाई के साथ छात्रों ने कमाए 20 करोड़, शुरू किए 400 स्टार्टअप

भास्कर न्यूज | जालंधर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार और करियर की चुनौतियों के बीच लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) ने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक दुनिया का अनुभव देने के लिए एक अनूठी "एडु रेवोल्यूशन" पहल शुरू की है। इस दूरदर्शी पहल के तहत विश्वविद्यालय के छात्रों ने विभिन्न स्टार्टअप, उद्यमिता, फ्रीलांसिंग, इंटर्नशिप और इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स के माध्यम से अब तक 20 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार कमाई की है। इसके साथ ही कैंपस से 400 से ज्यादा सफल स्टार्टअप शुरू किए जा चुके हैं और 15 हजार से अधिक छात्रों को इस अनुभव आधारित व्यावहारिक शिक्षा से सीधे जोड़ा गया है। अपनी प्रतिभा के दम पर यहां के छात्रों ने एआई आधारित ड्रोन, सोलर एनर्जी से संचालित होने वाली सेल्फ-ड्राइविंग बस, एग्री ड्रोन, रोबोटिक आर्म, आईओटी आधारित हेल्थकेयर सिस्टम, एडवांस्ड सैनिटेशन टेक्नोलॉजी और स्मार्ट मोबिलिटी जैसे कई बड़े व आधुनिक नवाचार विकसित किए हैं। इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन, ड्रोन ओलंपियाड और रोबोटिक्स चैंपियनशिप जैसी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी हमेशा उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय की "अर्न योर फीस बैक" पहल के तहत छात्रों को पेड इंटर्नशिप, फ्रीलांस प्रोजेक्ट्स, कंसल्टेंसी असाइनमेंट, रिसर्च प्रोजेक्ट्स और इनोवेशन ग्रांट्स से जोड़ा जाता है। यूनिवर्सिटी उन्हें सीड फंडिंग, इनक्यूबेशन सुविधाएं, विशेषज्ञों की मेंटरशिप और निवेशकों तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराती है, जिससे कई छात्र अपने आइडिया को सफल व्यवसाय में बदलने और अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाने में सक्षम हुए हैं। एलपीयू के फाउंडर चांसलर और राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसा माहौल तैयार कर रहा है जहां छात्र केवल परीक्षाओं के लिए नहीं पढ़ते, बल्कि व्यावहारिक स्तर पर समस्याओं का समाधान करना, नवाचार करना और मूल्य सृजित करना सीखते हैं।