आधुनिक सुविधाओं का दिखने लगा असर, बोर्ड की परीक्षा में चमके छात्र
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की दसवीं और 12वीं कक्षा के परिणामों में जालंधर के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। मेरिट सूची और टॉप-10 में जगह बनाने वाले इन छात्रों की सफलता के पीछे स्कूलों में विकसित की गई आधुनिक तकनीक, स्मार्ट क्लासरूम, इंटरेक्टिव पैनल और उन्नत लैब्स का बड़ा योगदान रहा है। दसवीं कक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले महेश कुमार ठाकुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लाडोवाली के छात्र हैं। इस स्कूल में 460 से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जहां इंटीग्रेटेड साइंस लैब, स्मार्ट क्लासरूम, एजुसेट रूम, मैथ्स व लैंग्वेज लैब जैसी बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं, 12वीं कक्षा में 483 अंक हासिल कर जिले में आठवां स्थान पाने वाले छात्र प्रथम, 'गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल गांधी कैंप से हैं। अधिक संख्या के कारण दो शिफ्टों में चलने वाले इस स्कूल में आर्ट्स स्ट्रीम के साथ इंटरेक्टिव पैनल, कंप्यूटर लैब और ऑटोमोबाइल एनएसक्यूएफ लैब की सुविधा है। इसी तरह, नेहरू गार्डन स्कूल की छात्रा चाहत ने भी 483 अंक लेकर मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल किया। करीब 2500 छात्राओं वाले इस स्कूल में हेल्थकेयर, रिटेल और फाइन आर्ट्स के व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ-साथ अब स्पेस लैब भी विकसित की जा रही है। इसके अलावा, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल आदर्श नगर के छात्र भी मेरिट सूची में चमके हैं। 600 विद्यार्थियों वाले इस स्कूल में सात स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल माध्यमों से पढ़ाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसका सीधा असर बेहतरीन नतीजों के रूप में सामने आया है।

