भास्कर न्यूज | अलावलपुर बारिश के बाद दशहरा ग्राउंड चौक से न्यू मॉडल टाउन एवं शाहपुर लेसरीवाल आदि गांव को जोड़ती सड़क पर पानी से कीचड़ बन गया है, जिससे राहगीर बेहद परेशान है। याद रहे की करीब तीन वर्ष पहले इस सड़क को तोड़कर सरफेस वाटर ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट के तहत लोहे के बड़े पाइपों को अंडरग्राउंड किया गया था तभी से दोबारा सड़क नहीं बनाई गई, क्योंकि पाइपों को अंडरग्राउंड करते समय सड़क किनारे से गुजराती सीवरेज पाइपलाइन टूट गई थी जब भी सड़क बनाने की मांग होती तो अधिकारी सीवरेज लाइन डाले जाने का बहाना बना टालमटोल कर देते थे, करीब एक महीना पहले सीवरेज बोर्ड द्वारा सीवरेज पाइपलाइन डाल दी गई है, जिसके चलते सड़क अब कच्चे रास्ते में तब्दील हो चुकी है यही कारण है की बारिश होने के चलते पानी की निकासी न होने के चलते सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिसके चलते लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। शहर निवासियों ने नगर कौंसिल एवं सीवरेज बोर्ड के अधिकारियों से जब तक सड़क नहीं बनती सड़क पर मिट्टी डाल ऊंचा किए जाने की मांग की है ताकि बारिश होने पर पानी निकल जाए और कीचड़ न फैले और लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।

