पठानकोट चौक पर सार्वजनिक शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था हो

जालंधर | पठानकोट चौक पर सार्वजनिक सुविधाओं की कमी को लेकर पठानकोट चौक शॉपकीपर्स एसोसिएशन ने नगर निगम और संबंधित प्रशासन के समक्ष मांग रखी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कुमार दुग्गल ने कहा कि पिछले 35 वर्षों में कई सरकारें बदलीं, लेकिन चौक पर न तो पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था हुई और न ही सरकारी शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि पठानकोट चौक को मिनी बस स्टैंड के रूप में जाना जाता है, जहां से भोगपुर से लेकर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के लिए बसें मिलती हैं। शौचालय और स्थायी पेयजल व्यवस्था न होने से महिलाओं, बुजुर्गों और यात्रियों को परेशानी होती है। एसोसिएशन ने सीवरेज सुविधा और आवश्यक पाइपलाइन सहित शौचालय तथा पीने के पानी की व्यवस्था शीघ्र कराने की मांग दोहराई।