दिन में जैसे-तैसे सफर, रात को बढ़ा खतरा गाजी गुल्ला की खस्ता रोड से लोग परेशान
- Neha Gupta
- Jun 10, 2026
भास्कर न्यूज | जालंध स्मार्ट सिटी का दावा करने वाले जालंधर की सड़कों की बदहाली एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। शहर के गाजी गुल्ला रोड की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि यह समझ पाना मुश्किल है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। इस जर्जर मार्ग के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कभी सीवरेज का गंदा पानी तो कभी बारिश का जमा पानी इस रास्ते को तालाब में बदल देता है। जिला प्रशासन और नगर निगम को इस गंभीर समस्या की पूरी जानकारी है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर यहाँ से गुजरना पड़ रहा है। निराशा : गड्ढों में गिरकर लहूलुहान हो रहे लोग... इलाके की इस दुर्दशा पर रोष प्रकट करते हुए स्थानीय निवासी चरणजीत, कमल भगत, कुलदीप, गुरमीत सिंह, संदीप कुमार, मिंटू, रविंदर, राजीव, जोगिंदर पाल और लक्की ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि यह समस्या आज की नहीं, बल्कि कई सालों से बनी हुई है। सड़क की खस्ताहालत के कारण पैदल चलना और गाड़ी चलाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। दिन के समय तो जैसे-तैसे वाहन चालक गड्ढों से बच निकलते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में ये गड्ढे मौत का फंदा बन जाते हैं। सड़क पर स्ट्रीट लाइट्स की भी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे अंधेरे में राहगीर इन गड्ढों में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। हमारा यहाँ जीना मुहाल हो चुका है। समाधान निकालेंगे : मेयर सड़क की गंभीर स्थिति को लेकर इलाके के लोगों ने नगर निगम के मेयर वनीत धीर से मुलाकात की और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मेयर वनीत धीर ने कहा कि गाजी गुल्ला रोड की स्थिति वाकई चिंताजनक है। अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए जा रहे हैं। जल्द स्थायी समाधान निकालेंगे।

