स्टार्टअप पंजाब सीड फंडिंग प्रोग्राम में जिले के दो स्टार्टअप्स को मिली सहायता

जालंधर | चंडीगढ़ स्थित म्यूनिसिपल भवन में आयोजित ‘स्टार्टअप पंजाब सीड फंडिंग प्रोग्राम’ के तहत जालंधर के दो स्टार्टअप्स को पंजाब सरकार की स्टार्टअप प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सीड फंडिंग सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर स्टार्टअप मेंटर एवं कंपनी सेक्रेटरी सीएस गौरव ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे और दोनों स्टार्टअप्स को इस उपलब्धि पर बधाई दी। सीएस गौरव ठाकुर ने बताया कि इनमें से एक स्टार्टअप भारतीय वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म के क्षेत्र में कार्य कर रहा है, जबकि दूसरा विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षण समाधान विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभिनव विचार, मजबूत व्यावसायिक मॉडल और समर्पित टीमवर्क के आधार पर दोनों स्टार्टअप्स को यह समर्थन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्टार्टअप की सफलता और प्रगति में सही मार्गदर्शन, निवेश के लिए तैयारी, नियामकीय अनुपालन तथा सरकारी योजनाओं तक प्रभावी पहुंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सीएस गौरव ठाकुर के अनुसार, पंजाब सरकार ने स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए सीड ग्रांट राशि को 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। इसके अलावा पात्र स्टार्टअप्स को दूसरे चरण में 10 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की योजनाएं प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।