फगवाड़ा में दो सप्ताह का डेयरी प्रशिक्षण कोर्स 22 जून से

भास्कर न्यूज | जालंधर डेयरी विकास विभाग की ओर से 22 जून से डेयरी प्रशिक्षण केंद्र, फगवाड़ा में दो सप्ताह का डेयरी प्रशिक्षण कोर्स आयोजित किया जा रहा है। डिप्टी डायरेक्टर, डेयरी विकास जालंधर कश्मीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में दुधारू पशुओं की खरीद, पशु आहार प्रबंधन, नस्ल सुधार, रखरखाव तथा सुव्यवस्थित विपणन की नवीनतम तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को विभागीय साहित्य निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। कश्मीर सिंह के अनुसार प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उम्मीदवारों को 2, 5 और 10 दुधारू पशुओं की खरीद पर 33 प्रतिशत तथा 25 प्रतिशत वित्तीय सहायता का प्रावधान है। योग्यता के तहत ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंधित इच्छुक पुरुष/महिला, जिनकी आयु 18 से 55 वर्ष के बीच हो और न्यूनतम पांचवीं पास हों, प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला जालंधर के इच्छुक उम्मीदवार 21 जून 2026 तक डिप्टी डायरेक्टर, डेयरी विकास जालंधर कार्यालय, आर.डी.डी.एल कॉम्प्लेक्स, लाडोवाली रोड में संपर्क कर सकते हैं। सामान्य श्रेणी के लिए शुल्क 1000 रुपये और अनुसूचित जाति के लिए 750 रुपये निर्धारित है।