रॉन्ग साइड ट्रैक्टर की टक्कर, कैंटर ड्राइवर 2 घंटे केबिन में फंसा रहा

भास्कर न्यूज | जालंधर भोगपुर में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। भुलत्थ मोड़ के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रहे कैंटर ट्रक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कैंटर चला रहा 26 साल का नौजवान सुखजिंदर सिंह ट्रक के केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। करीब दो घंटे वह मदद के लिए तड़पता रहा। आखिर दर्द न सहने के कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। मृतक की पहचान होशियारपुर जिले के गांव घोड़ाबाहा के रहने वाले सुखजिंदर सिंह (26) के रूप में हुई है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता गुरमीत सिंह मायूस हो गए। सुखजिंदर अपने कैंटर ट्रक में सवार होकर भोगपुर से टांडा की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह भुलत्थ मोड़ के पास पहुंचे, तो टांडा की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रैफिक नियमों को तोड़ते हुए गलत साइड से आ गई। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण उनके बीच आमने-सामने की सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिससे सुखजिंदर सीट और स्टीयरिंग के बीच में ही फंस गए। उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सुखजिंदर को बाहर निकालने के लिए भारी मशीनों और क्रेन की मदद से ट्रक के लोहे को काटना पड़ा। इस पूरे काम में करीब दो घंटे का समय लग गया, लेकिन तब तक सुखजिंदर की सांसें टूट चुकी थीं। इसके बाद हाईवे से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक को दोबारा चालू करवाया गया। एएसआई करनैल सिंह ने सुखजिंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।