भास्कर न्यूज | जालंधर जटाटवीगलज्जलप्रवाह पावितस्थले... के ओजस्वी पाठ, डमरू की गूंज और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के साथ जालंधर का पूरा माहौल शिवमय हो गया। मौका था- पंजाब सरकार द्वारा साईं दास स्कूल ग्राउंड नजदीक पटेल चौक में आयोजित राज्य स्तरीय धार्मिक समागम एक शाम भगवान शिव के नाम का। भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने जैसे ही मंच संभाला, पंडाल में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं की तालियां रुकने का नाम नहीं ले रही थीं। रघुवंशी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जटाटवीगलज्जलप्रवाह पावितस्थले... शिव तांडव स्तोत्र का ऐसा ओजस्वी पाठ किया कि पूरा माहौल शिवमय हो गया। इसके बाद उन्होंने अपने लोकप्रिय शिव भजनों "शंभू शरने पड़ी, मांगू घड़ी रे घड़ी..." और "लागी ऐसी लगन भोले तुमको नमन..." की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। उनके भजनों की थाप और डमरू की गूंज पर युवा और बुजुर्ग सभी शिवभक्ति के रंग में रंगे नजर आए और झूमने पर मजबूर हो गए। उनके द्वारा गाए गए भजनों पर युवा और बुजुर्ग सभी शिवभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। इसके बाद भजन प्रवाहक सांवरिया सेठ ने प्रभु की महिमा का गुणगान करते हुए माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुति से शिव-पार्वती विवाह और शिव महिमा के प्रसंगों को भजनों के माध्यम से जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान कई श्रद्धालु भाव-विभोर होकर अपने स्थान पर ही नाचने लगे।

