इंसाफ के लिए पानी की टंकी पर चढ़ी महिला:कपूरथला में दी आत्महत्या की धमकी; मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई न होने से परेशान

कपूरथला जिले के गांव भंडाल बेट में पुलिस कार्रवाई से नाराज एक महिला शनिवार देर शाम पानी की टंकी पर चढ़ गई। उसने वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। कई घंटों की मशक्कत के बाद गांव वासियों और पुलिस प्रशासन ने महिला को देर रात करीब 10 बजे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पीड़ित महिला सिमरनजीत कौर पत्नी दिलबाग सिंह ने बताया कि 31 मार्च को गांव के कुछ युवकों ने उसके और उसकी बहू के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि युवकों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और उनकी स्कूटी भी छीन ली थी। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई थी और गांव की पंचायत से भी संपर्क किया गया, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। बेटे पर भी जानलेवा हमला करने के आरोप सिमरनजीत कौर ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसके बेटे पर भी जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर ही वह शनिवार देर शाम गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। पुलिस के समझाने पर मानी महिला घटना की सूचना मिलते ही गांववासी मौके पर पहुंच गए। ढिलवां थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और महिला को समझाने का प्रयास किया। कई घंटे चले प्रयासों के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने महिला को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह देर रात करीब 10 बजे सुरक्षित नीचे उतर आई। एसएचओ बोले-कार्रवाई का आश्वासन देकर नीचे उतारा ढिलवां थाना के एसएचओ हरजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला सिमरनजीत कौर को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर सकुशल नीचे उतार लिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला को रविवार को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है और उसके बयानों के आधार पर जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।