कपूरथला में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़:गिरफ्तार 2 आरोपियों की निशानदेही पर छह चोरी की बाइकें बरामद हुईं

कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी थाना पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसकी पुष्टि करते हुए एसएचओ हरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसएचओ हरिंदर सिंह ने बताया कि 10 जून को एएसआई जोगिंदर सिंह को सूचना मिली थी कि दलबीर सिंह पुत्र पूरन सिंह निवासी वाटावली की मोटरसाइकिल (नंबर पीबी41-डी-1397 स्प्लेंडर) गुरुद्वारा श्री बेर साहिब, सुल्तानपुर लोधी की पार्किंग से चोरी हो गई थी। दलबीर सिंह गुरुद्वारे में माथा टेकने गए थे। सूचना मिलते ही एएसआई जोगिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चोरी करने वाले आरोपी परमिंदरजीत कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी अबादान, जालंधर को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया आरोपी परमिंदरजीत कुमार को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड के दौरान, पुलिस ने जीता उर्फ ​​बाबा निवासी नवां गांव भट्ठे, कपूरथला को भी गिरफ्तार किया और उससे दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं। उनकी निशानदेही पर एक प्लैटिना मोटरसाइकिल जीउना पुत्र गुरनाम निवासी बूट, कपूरथला के घर से बरामद की गई। हालांकि, जीउना की गिरफ्तारी अभी बाकी है। हरिंदर सिंह ने आगे बताया कि 13 जून को आरोपी परमिंदरजीत से एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। अब तक इन आरोपियों से कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की जा चुकी हैं।