फतेहगढ़ साहिब में सड़क हादसा, युवक की मौत:गुरुद्वारा से लौटते समय तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, मां-बहन गंभीर घायल
- Neha Gupta
- Jun 16, 2026
फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव जल्ला के पास हुए एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक कृष्ण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसकी मां जसवीर कौर और बहन रमनदीप कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार कृष्ण सिंह अपनी मां व बहन के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी, जिसके कारण कृष्ण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बताया कि संगरूर निवासी कृष्ण सिंह अपने परिवार के साथ गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने आए थे। दर्शन के बाद तीनों मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। गांव जल्ला के नजदीक पहुंचने पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। बहन रमनदीप कौर की हालत नाजुक, पीजीआई रेफर तीनों को सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया और उसकी मां को प्राथमिक उपचार के बाद पटियाला के रजिंदरा अस्पताल में रेफर कर दिया। जबकि बहन रमनदीप कौर की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आगे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हादसे के बाद कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। थाना सरहिंद के एएसआई राजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

