15 जून से जिले में 24x7 बाढ़ नियंत्रण कक्ष रहेंगे एक्टिव

भास्कर न्यूज | लुधियाना डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि लुधियाना जिले के सभी सब-डिविजनों में 15 जून से 30 सितंबर तक 24x7 बाढ़ नियंत्रण कक्ष काम करेंगे। इनका मकसद आने वाले मानसून सीजन के दौरान बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति पर नजर रखना और उस पर तुरंत कार्रवाई करना है। यह नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे काम करेंगे ताकि बाढ़ से जुड़ी आपातकालीन स्थितियों की तुरंत रिपोर्टिंग और उन पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। डीसी ने कहा कि निवासी नियंत्रण कक्ष के नंबरों के जरिए बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति की सूचना दे सकते हैं। कर्मचारियों के लिए ड्यूटी रोस्टर पहले ही तैयार कर लिया गया है, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को नियंत्रण कक्षों के प्रभावी कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए बारी-बारी से निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीसी ने कहा इन नियंत्रण कक्षों का मकसद बाढ़, तटबंधों में दरार और अन्य आपातकालीन स्थितियों के बारे में जानकारी समय पर प्राप्त करना और उसे आगे पहुंचाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता या फील्ड स्टाफ से मिली सभी जानकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए और विभागों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए तेजी से तालमेल बिठाया जाए और मदद पहुंचाई जाए। संवेदनशील इलाकों में बाढ़ से बचाव के कामों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बाढ़ की आशंका वाले स्थानों पर तटबंधों को मजबूत करने और अन्य सुरक्षात्मक बुनियादी ढांचे को तैयार करने के काम में तेजी लाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला प्रशासन बारिश के मौसम में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष, लुधियाना: 0161-2433100 {लुधियाना (पूर्व): 0161-2922330 {लुधियाना (पश्चिम): 0161-2412555 {जगराओं: 01624-223256 {खन्ना: 01628-226091 {समराला: 01628-262354 {पायल: 01628-276892 {रायकोट: 01624-264350