पंजाब राज्य निपुणता खोज परीक्षा में सरकारी स्कूल बुलेपुर के 6 छात्र चयनित
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
भास्कर न्यूज़ | लुधियाना. बुलेपुर स्थित सरकारी हाई स्कूल के छह विद्यार्थियों का पंजाब राज्य निपुणता खोज परीक्षा में चयन हुआ है। स्कूल के मुखी राज कुमार के अनुसार शिक्षा विभाग पंजाब की ओर से हर साल आयोजित दसवीं कक्षा की वजीफे संबंधी इस परीक्षा में स्कूल ने बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। राज कुमार ने बताया कि माननीय जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) लुधियाना डिंपल मदान की योग्य अगुवाई में इस वर्ष स्कूल के कुल छह विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। चयनित विद्यार्थियों में मनजोत कौर सुपुत्री सदा आनंद सिंह, रोशनी सुपुत्री मोहन, रौनक सुपुत्र राकेश कुमार, गगनदीप सिंह सुपुत्र चरनजीत सिंह, महिताब सिंह सुपुत्र गुरजंट सिंह और अर्शदीप सिंह सुपुत्र रमेश सिंह शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछली बार भी स्कूल के विद्यार्थियों ने यह परीक्षा पास की थी। पूरे पंजाब से दसवीं कक्षा के विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं और शिक्षा विभाग की ओर से कुल 500 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप आवंटित की जाती है। राज कुमार ने ब्लॉक नोडल अफसर बलजीत सिंह, ब्लॉक मेंटर अनमोल सूद और राकेश शर्मा का विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए धन्यवाद किया। परीक्षा पास करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को सरकार की ओर से 4800 रुपए की राशि दी जाती है। इस मौके पर स्कूल मैनेजमेंट कमेटी और ग्राम पंचायत बुलेपुर की ओर से स्टाफ व विद्यार्थियों को बधाई दी गई।

