5.85 लाख के लेनदेन विवाद में व्यापारी की पिटाई, पगड़ी उतारने का आरोप, केस
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
भास्कर न्यूज |लुधियाना थाना डिवीजन नंबर 5 के अंतर्गत आती संपूर्ण पैलेस वाली गली में पैसे के लेनदेन को लेकर एक कपड़ा व्यापारी पर जानलेवा हमला करने और उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने पैसे देने के बहाने व्यापारी को अपने घर बुलाया और फिर मिलीभगत कर उसकी बेरहमी से पिटाई की। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर एक ही परिवार के 5 सदस्यों और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में सराभा नगर के रहने वाले परमिंदर सिंह पुत्र ने बताया कि उनकी गूजरमल रोड पर कपड़ों की होलसेल की दुकान है। करीब ढाई साल पहले आरोपी दविंदर सिंह ने उनसे 5 लाख 85 हजार की कीमत के लेडीज सूट खरीदे थे। लंबे समय से वह अपने पैसों की मांग कर रहे थे। 7 जून 2026 को आरोपी दविंदर सिंह ने पैसे देने की बात कहकर परमिंदर सिंह को साउथ मॉडल ग्राम स्थित अपने घर बुलाया। जब परमिंदर सिंह वहां पहुंचे, तो बातचीत के दौरान ही आरोपी तैश में आ गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घर के अंदर मौजूद सभी आरोपियों ने मिलकर अचानक उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने परमिंदर सिंह की पगड़ी (दस्तार) उतार दी और उनकी दाढ़ी भी नोची। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया। थाना डिवीजन नंबर 5 ने शिकायतकर्ता परमिंदर सिंह के बयानों पर नामजद आरोपी दविंदर सिंह, मेहताब सिंह (दोनों पुत्र इंद्रजीत सिंह), अमितोज सिंह, सिदक सिंह , कंवरप्रीत कौर पत्नी दविंदर सिंह अन्य आरोपी 3-4 अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परमिंदर सिंह के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और मारपीट करने के इस मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

