भास्कर न्यूज | लुधियाना ललतों कलां इलाके में नशे की ओवरडोज के कारण एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अपने घर के बाहर बैठे एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को अज्ञात शराबी युवक को टोकना भारी पड़ गया। नशे में धुत युवक ने शिक्षक पर चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर उन्हें लहुलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मुस्तैद ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। पीड़ित शिक्षक की पहचान हरजीत सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह ललतों कलां रोड स्थित अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान करीब 20-22 साल का एक अज्ञात युवक वहां आया, जो नशे में इतना धुत था कि उससे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। जब शिक्षक ने उससे सामान्य रूप से पूछा कि वह यहां क्या कर रहा है, तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने शिक्षक को धक्का देकर नीचे गिराया और पास रखे चाकू से उनकी जांघ और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और भाग रहे आरोपी को दबोच लिया। हरजीत सिंह के भाई उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। पीड़ित ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, आरोपी ने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है और पुलिस मामले की कानूनी जांच में जुट गई है।

