पुरानी रंजिश में मां-बेटी पर तलवार से जानलेवा हमला, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
लुधियाना| थाना साहनेवाल के अंतर्गत आते ग्यासपुरा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला और उसकी बुजुर्ग मां पर तलवार व अन्य हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मां-बेटी को सरेआम गली में घेरकर बेरहमी से पीटा और लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में ग्यासपुरा के लोहारा रोड पर स्थित शिव कॉलोनी की रहने वाली रूबी देवी पत्नी नारायण मिश्रा ने बताया कि 30 मई को रात करीब 8:00 बजे वह अपने घर के बाहर गली में अपनी माता विभा देवी के साथ खड़ी थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे आरोपी वहां आ धमके और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने उन पर तलवार से सीधा हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर गईं। जब उनकी मां बचाने आईं, तो आरोपियों ने उनकी भी बेरहमी से पिटाई की। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। साहनेवाल पुलिस का कहना है कि हमला करने के आरोप में राज कुमार गुप्ता, गोलू, बलजीत सिंह विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

