लुधियाना| थाना मेहरबान क्षेत्र के अंतर्गत प्रिया कॉलोनी, गांव मेहरबान में घरेलू विवाद के चलते एक प्रवासी युवक द्वारा फंदा लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रोहित कुमार (22) पुत्र दाता राम मूल निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रोहित कुमार अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ प्रिया कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था तथा एक फैक्ट्री में काम करता था। मृतक के जीजा आनंद ने बताया कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद रोहित काम पर नहीं गया। इसी दौरान उसकी पत्नी नहाने चली गई। कुछ समय बाद रोहित ने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना थाना मेहरबान की पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

