हंबड़ां रोड पर पलटा रेत से भरा ओवरलोड व बिना नंबर का टिप्पर, हाईवे पर लगा जाम

भास्कर न्यूज | लुधियाना थाना लाडोवाल के अधीन आती हंबड़ां पुलिस चौकी के इलाके में सोमवार को लुधियाना-हंबड़ां रोड पर रेत से भरा एक ओवरलोड टिप्पर बेकाबू होकर हाईवे पर पलट गया। इस हादसे के कारण हाईवे पर कई घंटों तक भारी ट्रैफिक जाम लगा रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही पीसीआर कर्मचारी केवल कृष्ण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत क्रेन बुलवाकर सड़क पर पलटे टिप्पर को सीधा करवाया और कड़े प्रयास के बाद ट्रैफिक को सुचारू रूप से शुरू करवाया। पुलिस टीम ने हादसे में घायल हुए टिप्पर चालक गुरप्रीत सिंह को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त टिप्पर के आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। चर्चा है कि इलाके में कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से रेत की माइनिंग का कारोबार चलाया जा रहा है। ये लोग पुलिस को चकमा देने के लिए बिना नंबर के ओवरलोड वाहनों को सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। हंबड़ां चौकी प्रभारी प्रितपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने ओवरलोड टिप्पर को कब्जे में ले लिया है। चालक के पास माइनिंग की रसीद न मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हंबड़ां रोड पर पलटा रेत से भरा टिप्पर।