भास्कर न्यूज |लुधियाना थाना डिवीज़न नंबर 6 के अंतर्गत आते प्रताप चौक पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने देर रात एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ कर उसमें से कैश चोरी करने की कोशिश की। पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को तेज कर दिया है। मैनेजर के बयानों पर दर्ज हुई एफआईआर पुलिस को दी शिकायत में नीलम कुमारी ने बताया कि वह प्रताप चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में बतौर सीनियर मैनेजर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 12 और 13 जून की मध्यरात्रि को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैंक शाखा के बाहर लगे एटीएम के साथ तोड़फोड़ व छेड़छाड़ की और कैश चोरी करने का प्रयास किया। एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि सीनियर मैनेजर नीलम कुमारी के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने अहम खुलासा करते हुए बताया कि बैंक और आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध लोग नजर आ रहे हैं, जो एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। एएसआई ने कहा कि पुलिस इस मामले की सभी एंगल से गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

