कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल, केस

भास्कर न्यूज | लुधियाना थाना जमालपुर पुलिस ने कार की टक्कर से घायल बाइक सवार दंपती के मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सोनिया शर्मा निवासी मोहल्ला प्रिंस कॉलोनी, 33 फीट रोड, मुंडिया कलां, लुधियाना ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि 3 जून को सुबह करीब 8:45 बजे वह अपने पति विशाल शर्मा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर फोर्टिस हॉस्पिटल चंडीगढ़ रोड के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में विशाल शर्मा को गंभीर चोटें लगीं, जिन्हें उपचार के लिए फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। थाना जमालपुर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।