लुधियाना| थाना साहनेवाल के अंतर्गत आते सतपाल चौक के पास दो बदमाशों द्वारा एक युवक को रास्ता रोककर, दातर (तेजधार हथियार) दिखाकर मोटरसाइकिल लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तफ्तीश के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस को दिए बयानों में गयासपुरा लोहारा के रहने वाले सूरज अली ने बताया कि वह बीती 9 जून 2026 को अपने काम से छुट्टी करके मोटरसाइकिल (नंबर PB10KL3526) पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे जब वह सतपाल चौक के नजदीक पहुंचे, तो पीछे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो लड़के आए। आरोपियों ने सूरज अली को जबरन घेर लिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें दातर दिखाकर डराया और जान से मारने की धमकी देकर उनकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। पुलिस जांच और पड़ताल के दौरान खुलासा हुआ कि इस वारदात को दीपक कुमार और धीरज कुमार नाम के युवकों ने अंजाम दिया है। आरोपी दीपक कुमार (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है।

