लुधियाना| ईश्वर नगर इलाके में किराए पर रह रही एक महिला के साथ छेड़छाड़, जबरन घर में घुसने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह घरों में सफाई का काम करती है। उसकी शादी वर्ष 2007 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। फिलहाल उसका पति विदेश में है। वह ईश्वर नगर में किराए के मकान में रहती है, जहां आंगन में मकान मालिक बलदेव सिंह अपनी कई गाड़ियां खड़ी करते हैं। पीड़िता के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को दोपहर के समय एक युवक मकान की छत पर चढ़ आया और वहां से ईंट-पत्थर फेंकने लगा। इसके बाद उसने जबरदस्ती घर में घुसने की कोशिश की। जब महिला ने आरोपी को रोका तो उसने गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की, धक्का-मुक्की की और उसकी चुन्नी खींचकर उतार दी। आरोपी ने अश्लील गालियां भी दीं। विरोध के बावजूद वह जबरन घर के अंदर घुस गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने आंगन में खड़ी एक ईशर गाड़ी के आगे का शीशा ईंट मारकर तोड़ दिया। बाद में पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी का नाम तरसेम सिंह लोटे है, जो ईश्वर नगर का ही रहने वाला है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से मकान मालिक बलदेव सिंह को कॉल कर उसे और मकान मालिक दोनों को जान से मारने की धमकियां दीं। धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई है। चौकी मराडो के माध्यम से थाना सदर पुलिस ने आरोपी तरसेम सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(सी), 74, 324(4) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



