कार चालक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर; युवक की मौत, 3 दोस्त घायल

भास्कर न्यूज | लुधियाना थाना सलेम टाबरी के बिल्कुल सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के एक लापरवाह कार चालक ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पिता के बयानों पर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर उसकी गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस को दिए बयानों में न्यू जनकपुरी के रहने वाले हरदीप सिंह ने बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा नवजोत सिंह 14 जून को अपने दोस्तों के साथ लुधियाना रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा में बैठकर घर लौट रहा था। हरदीप सिंह भी अपनी एक्टिवा स्कूटर पर उनके पीछे-पीछे आ रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा सलेम टाबरी थाने के बिल्कुल सामने पहुंचा, तभी आरोपी राहुल कुमार मिश्रा ने अपनी टाटा टिगोर कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार नवजोत सिंह, अर्श शर्मा, सुमित और नीरज को गंभीर चोटें आईं। हरदीप सिंह तुरंत अपने घायल बेटे नवजोत को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।