गुरुद्वारा साहिब से गोलक के पैसे और ‘शस्त्र' चोरी करने वाली महिला पर केस

भास्कर न्यूज | लुधियाना थाना हैबोवाल के अंतर्गत आते गांव लादियां खुर्द में एक बेहद संवेदनशील और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री सिंह सभा साहिब (लादियां खुर्द) में सेवादार के रूप में रह रही एक महिला द्वारा गुरु घर की गोलक से नकदी और गुरुद्वारा साहिब के पवित्र शस्त्र चोरी करने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस घटना से स्थानीय संगत और सिख समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी महिला के खिलाफ धार्मिक बेअदबी और चोरी की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। यह मामला गुरुद्वारा श्री सिंह सभा साहिब (लादियां खुर्द) के मुख्य सेवादार यादविंदर सिंह के बयानों पर दर्ज किया गया है। यादविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 5 वर्षों से इस गुरुद्वारा साहिब में मुख्य सेवादार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, गत 6 जून 2026 को गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी हरमिंदर सिंह ने उन्हें आकर सूचना दी कि सुशोभित शस्त्रों में से दो मुख्य शस्त्र -एक श्री साहिब (कृपाण) और एक लोहे-स्टील का तीर अपनी जगह से गायब हैं। शस्त्र गायब होने की बात सामने आने पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और सेवादारों ने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद मामले की गहराई से जांच करने के लिए परिसर में लगे कैमरों की फुटेज देखने का फैसला किया गया। इसके लिए विशेष रूप से एक कैमरा एक्सपर्ट (तकनीशियन) को बुलाया गया। जब सीसीटीवी कैमरों की बारीक जांच की गई, तो पूरी कमेटी के होश उड़ गए। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि वहां आने-जाने वाली एक महिला ने गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा का उल्लंघन करते हुए दोनों पवित्र शस्त्र चोरी किए और साथ ही गुरु घर की गोलक से पैसे भी उड़ा लिए। कैमरे में कैद हुई आरोपी महिला की पहचान पूजा (पत्नी राम सेवक) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव विक्रमपुरा (थाना राजनगर, जिला छतरपुर, मध्य प्रदेश) की रहने वाली है। वर्तमान में वह लादियां खुर्द स्थित अमृत इंडो कैनेडियन स्कूल के पीछे, यशस्वी एन्क्लेव में भुल्लर के मकान में किराए पर रह रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना हैबोवाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 298 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।