जिले के मौसम में सोमवार को सुखद बदलाव देखने को मिला। सुबह धूप तो खिली, लेकिन इसकी तीव्रता आम दिनों के मुकाबले काफी कम रही, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली। दिन भर नमी के स्तर में बड़ा उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 70 प्रतिशत थी, जो शाम 5:30 बजे तक तेजी से घटकर 41 प्रतिशत पर आ गई। हवा में नमी कम होने और वातावरण के ड्राई होने का सीधा असर तापमान पर दिखा। शहर का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 35.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ यह 24.2 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 1.4 डिग्री कम बना हुआ है। दिन और रात के तापमान में 11.4 डिग्री का अंतर रहा। 4 दिन में 40 तक बढ़ेगा पारा डायरेक्टर मौसम विभाग सुरेंद्र पॉल ने बताया कि अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री की वृद्धि होगी। 15, 16 और 18 से 20 जून के बीच तेज हवा (40-50 किमी/घंटा) और बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। 18 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा जिससे बारिश की संभावना है। सुरेंद्र पॉल, डायरेक्टर मौसम विभाग

