जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण करने पहुंचे हुडको व विश्व बैंक के विशेषज्ञ
- Neha Gupta
- Jun 10, 2026
लुधियाना| हुडको और विश्व बैंक के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को गांव बिलगा में निर्माणाधीन 580 एमएलडी जल शोधन संयंत्र का दौरा कर नहर आधारित सतही जल आपूर्ति परियोजना की प्रगति का आकलन किया। यह दौरा हुडको–विश्व बैंक की दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला के तहत आयोजित किया गया। दल का नेतृत्व रोसाना निट्टी (टास्क टीम लीडर, विश्व बैंक) और परकाश गौर (सलाहकार, पीपीई, विश्व बैंक) ने किया। निरीक्षण के दौरान विश्व बैंक व एआईआईबी वित्तपोषित परियोजना में पर्यावरण, सामाजिक, स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। दल में डॉ. अक्षय सेन, डॉ. आर.के. सिंह, नीरज सेठी और रॉबिन गोयल सहित हुडको के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। शिमला, पंचकुला, गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद और गाजियाबाद समेत विभिन्न शहरी निकायों व जल उपयोगिता एजेंसियों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माण की गति, गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली और पर्यावरण–सामाजिक सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना की। दौरे का समन्वय नगर निगम लुधियाना की पीआईयू ने परियोजना प्रबंधक इर. गुरविंदर पाल सिंह और कार्यकारी अभियंता इर. अमरजीत सिंह के नेतृत्व में किया। निष्पादन एजेंसी की ओर से परियोजना निदेशक ब्रिगेडियर इंदिवार शर्मा और परियोजना प्रबंधक अमित सिंह भी शामिल हुए।

