आषाढ़ में प्यासे को पानी पिलाने से मिलता है करोड़ों गुना पुण्य: दंडी स्वामी निगम बोध

लुधियाना| भारत धर्म प्रचारक मंडल की ओर से निगम निकेतन धाम वेद मंदिर में संक्रांति पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दंडी स्वामी निगम बोध तीर्थ महाराज ने की। इस दौरान समाजसेवी एस. एस. खुराना विशेष रूप से नतमस्तक हुए। उन्होंने महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर राहगीरों के लिए ठंडे व मीठे पानी की छबील सेवा की शुरुआत की। संक्रांति की महिमा और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए दंडी स्वामी निगम बोध तीर्थ महाराज ने कहा कि जब सूर्य देव वृष राशि से निकलकर मिथुन राशि में प्रवेश करते हैं तो आषाढ़ मास की संक्रांति होती है। यह महीना भीषण गर्मी का होता है और सनातन धर्म में इस समय दान-पुण्य का विशेष महत्व माना गया है। महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस तपती गर्मी मेंकिसी प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कर्म है और इसका फल करोड़ों गुना होकर मिलता है। उन्होंने लुधियाना वासियों और समाज के सामर्थ्यवान लोगों से अपील की कि वे इस पूरे महीने जगह-जगह छबील लगाएं ताकि राहगीरों को गर्मी की तपिश से राहत मिल सके। उस दौरान भजन-कीर्तन का भी प्रवाह चला, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी। छबील सेवा के दौरान राहगीरों को आदर सहित मीठा जल छकाया गया। इस मौके पर दिनेश टंडन, राजिंदर कपूर, अशोक शर्मा बॉबी, पंडित दीप वशिष्ठ, पंडित सौरव शर्मा, बिट्टू प्रभाकर, लाडी कपूर, बलदेव चोपड़ा और रवि दत्त सहित शहर की कई प्रमुख धार्मिक व सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं।