भास्कर न्यूज |लुधियाना ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गलाडा) ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया, जबकि एक अवैध व्यावसायिक इमारत को सील कर दिया। यह कार्रवाई गलाडा के मुख्य प्रशासक ओजस्वी (आईएएस) के निर्देशों पर भारी पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। गलाडा की इन्फोर्समेंट टीम ने भामियां कलां, भोलापुर झाबेवाल, भोलापुर और साहिबाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में बनाई गई सड़कों, बुनियादी ढांचों और निर्माणाधीन संरचनाओं को पूरी तरह तोड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित कॉलोनाइज़र्स को पहले कानूनी नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों की अनदेखी जारी रहने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करनी पड़ी। मुख्य प्रशासक ओजस्वी ने कहा कि सस्ते प्लॉट का लालच देकर लोगों को ठगने और नियमों के विपरीत कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा। गलाडा ने स्पष्ट किया कि आने वाले हफ्तों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे।

