लुधियाना में शराब की डिलीवरी देने आया तस्कर काबू:कुछ साथी भागे,12 घंटे बाद कार ना खुलने पर आरोपी से तुड़वाया शीशा,15 पेटियां बरामद

लुधियाना के फतेहगंज मोहल्ला में एक्साइज विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जगराओं के गांव अजीतवाल से शराब की खेप लेकर डिलीवरी देने पहुंचे एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके कुछ साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आरोपी की कार से 15 पेटियां शराब बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार, एक्साइज टीम और स्थानीय पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार में अवैध शराब की खेप लेकर फतेहगंज मोहल्ला में डिलीवरी देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचकर एक **सिटी होंडा कार** को कब्जे में ले लिया। एक तस्कर गिरफ्तार, साथी फरार रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी सुनील को मौके से काबू कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत कार को कब्जे में लेकर तलाशी शुरू कर दी। 12 घंटे तक नहीं खुला कार का लॉक पुलिस और एक्साइज टीम शुक्रवार रात करीब 12 बजे से कार का लॉक खोलने का प्रयास करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार दोपहर 12 बजे के बाद भी जब गाड़ी का लॉक नहीं खुला तो पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी सुनील से ही कार का शीशा तुड़वाया। शीशा टूटने के बाद जब कार की डिग्गी खोली गई तो उसमें से शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं। रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट और देसी शराब मिली एक्साइज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की गई है। बरामद शराब में रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट और देसी शराब की कुल 15 पेटियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि शराब किसकी है और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, यह जांच का विषय है। फरार आरोपियों की तलाश जारी मामले के जांच अधिकारी एएसआई राममूर्ति ने बताया कि आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसके फरार साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किसके इशारे पर लाई गई थी और शहर में अवैध शराब सप्लाई करने वाले नेटवर्क से किन-किन लोगों के तार जुड़े हुए हैं। संयुक्त कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।